आज की ताजा खबरें : 19 अप्रैल 2025
समाचार सुर्खियां महत्वपूर्ण हैं क्योंकि यह देश-दुनिया में हो रही घटनाओं के बारे में अवगत कराती हैं. इसलिए छात्रों को सुबह देश-दुनिया, खेल, बिजनेस और टेक्नोलाॅजी आदि की खबरों के बारे में जानना जरूरी है | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क से बातचीत की। पीएम मोदी ने बताया कि यह बातचीत उन मुद्दों पर केंद्रित रही, जिन पर इस साल की शुरुआत में वॉशिंगटन डीसी में हुई उनकी मुलाकात के दौरान चर्चा हुई थी।

यूनेस्को ने अपने मेमोरी ऑफ वर्ल्ड रजिस्टर में श्रीमद्भगवद्गीता और नाट्य शास्त्र को भी शामिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसको लेकर देशवासियों को बधाई दी है।

वक्फ ऐक्ट को लेकर मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के बाद पश्चिम बंगाल में TMC की काफी किरकिरी हो रही है। ऐसे में बहरामपुर से सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान का जमीन से नदारद रहना उनकी पार्टी को भी अखर रहा है।

अमित का गला घोंटकर हत्या करने के बाद पत्नी रविता ने उसके बिस्तर पर जहरीला सांप रख दिया। सांप ने मर चुके अमित को दस बार काटा था। अगर पोस्टमॉर्टम न होता तो इतनी खौफनाक हत्या का पता भी नहीं चलता।

दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार तड़के एक इमारत ढह गई। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है।

अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने हाल ही में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो से गिरफ्तार किए गए हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पसिया को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज बिहार के दौरे पर हैं। खड़गे वहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। खड़गे बक्सर और पटना में रैली भी करेंगे। हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के लिए इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी। इसमें आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एक को-ऑर्डिनेशन कमेटी बनाने का फैसला लिया गया था। बैठक में कांग्रेस, आरजेडी, सीपीआई-एमएल, सीपीआई, सीपीएम और वीआईपी पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

हरियाणा के नूंह में शनिवार से तब्लीगी जमात का बड़ा जलसा शुरू होने जा रहा है। इसमें लगभग 2 लाख लोगों के जुटने का अनुमान है।

मुस्तफाबाद में इमारत ढहने पर डीआईजी (एनडीआरएफ) मोहसिन शाहेदी ने कहा, “स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 12 लोग अभी भी फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम और अन्य एजेंसियां बचाव के काम में लगी हुई हैं। यह एक भीड़भाड़ वाला इलाका है और हमें भारी मशीनों को लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, हमें उम्मीद है कि हम लोगों की जान बचा पाएंगे।”

प्रयागराज में एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। फायर अफसर आरके चौरसिया ने ANI से कहा, “हमें सूचना मिली कि परेड में एक टेंट के गोदाम में आग लग गई है। घटना को देखते हुए आसपास के सभी जिलों से फायर टैंकर मंगवाए। सभी डिफेंस टैंकर भी बुलाए गए हैं। आग बहुत ज्यादा है। गोदाम में भारी सामान होने के कारण यह आग लगी है। वहां सिलेंडर भी रखे थे, जो आग में फट गए।”

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता हरदीप सिंह पुरी ने कहा, “वे (कांग्रेस) अपने कार्यकर्ताओं से हंगामा करवा रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी चाहे जितनी कोशिश कर ले, इन तथ्यों को छिपा नहीं सकती। मेरे सहयोगी ने एटीएम (नेशनल हेराल्ड के लिए) शब्द का इस्तेमाल किया था, अगर कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को सच्चाई बताएगी तो उनके कार्यकर्ता खुद ही पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।”
Post Comment